CGPSC के पूर्व चेयरमैन के साले और सहयोगी की गिरफ्तारी, ठगी का मामला बढ़ा

रायपुर। नौकरी का झांसा देकर बेरोजगारों से करोड़ों रुपए की ठगी करने के मामले में CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी के साले देवेंद्र जोशी और उसकी पत्नी झगीता जोशी के बाद अब उनके सहयोगी स्वपनिल दुबे को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्वपनिल दुबे रेलवे में काम करता है और इस घोटाले में उसकी अहम भूमिका रही है।

इससे पहले, पुलिस ने देवेंद्र जोशी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने बेरोजगारों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी की थी। अब तक पुलिस को 20 लोगों से ठगी की जानकारी मिली है।

पुलिस पूछताछ में नए खुलासे

पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान देवेंद्र जोशी ने बताया कि इस पूरे ठगी के गिरोह में कई रेलवे और पुलिस कर्मचारी भी शामिल हैं। मामले की जांच को और आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने स्वपनिल दुबे को भी गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी रोहित मालेकर ने बताया कि स्वपनिल दुबे को परसों गिरफ्तार किया गया और उसे कल कोर्ट में पेश किया गया। फिलहाल, आरोपी को जेल नहीं भेजा गया है और पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

सालों से चल रहा था ठगी का नेटवर्क

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि देवेंद्र जोशी ने अपने जीजा टामन सोनवानी और कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से अपनी पहचान का हवाला देते हुए रिश्तेदारों से डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी की है।

आरोपियों के खिलाफ कई पुलिस कर्मचारियों के नाम सामने आने के बाद भी, उनके खिलाफ दर्ज FIR की जांच धीमी पड़ी थी। अब सिविल लाइन थाना पुलिस ने ठगी की धाराओं में FIR दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *