0 विलंब से धान खरीदी शुरू करना किसानों के हित में नहीं: पीसीसी चीफ
(अर्जुन झा)जगदलपुर। धान खरीदी के मसले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने साय सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि विलंब से धान खरीदी करने के फैसले के पीछे साय सरकार की नीयत में खोट साफ झलक रही है। सरकार किसानों से छल कर रही है।
संवाददाता से विशेष बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस वर्ष खरीफ फसल के अनुकूल वर्षा हुई है और धान फसल का रकबा भी बढ़ा है। भले ही खेती में लागत ज्यादा आई है, मगर इस बार धान का बंपर उत्पादन होने वाला है। किसानों ने फसल की कटाई और मिंजाई का काम भी शुरू कर दिया है। इसे देखते हुए धान खरीदी 1 नवंबर से ही शुरू कर देना चाहिए थी। ऐसा न करके 14 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का फैसला सर्वथा गलत और मेहनतकश किसानों के साथ नाइंसाफी है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि देरी से धान खरीदी शुरू करने के फैसले के पीछे भाजपा सरकार का किसानों के प्रति दुराग्रह निहित है। दरअसल भाजपा शुरू से किसान विरोधी रही है। दिल्ली का किसान आंदोलन इसका प्रमाण है। दीपक बैज ने कहा कि धान की बंपर पैदावार की संभावना को देखते हुए ही भाजपा सरकार ने 15 दिन बाद यानि 14 नवंबर से किसानों का धान खरीदने का फैसला किया है। इसके पीछे साय सरकार की मंशा यही है कि किसान अपनी पूरी उपज बेच न सकें और सरकार को ज्यादा राशि का भुगतान करना न पड़े। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज ने कहा कि किसानों को उनका पूरा धान खरीदने का सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई भाजपा अब किसान विरोधी अपना असली चेहरा दिखाने लगी है। उन्होंने साय सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के साथ छल करने से बाज आएं, वरना अन्नदाता भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे। दीपक बैज ने कहा कि अत्याचार का दंश झेलती आ रही प्रदेश की मातृशक्ति की आह तो साय सरकार को लग ही चुकी है, अब वह अन्नदाता की भी आह लेने आतुर हो चली है। श्री बैज ने कहा कि सत्ता आती जाती रहती है, इसका घमंड किसी को भी नहीं करना चाहिए। सत्ता को सेवा का साधन मानकर काम करना चाहिए।
धान खरीदी पर झलक रही है सरकार की नीयत में खोट : दीपक बैज
Video Player
00:00
00:00