मेयर को पहले भाजपाई घेरते थे, अब कांग्रेसी चलाने लगे शब्द बाण

0  कांग्रेस नेताओं ने महापौर पर लगाए भ्रष्टाचार और पक्षपात के आरोप 
जगदलपुर। पहले भाजपा के लोग महापौर पर भाजपा पार्षदों के वार्डों की उपेक्षा का आरोप लगाते थे, मेयर के भाजपाई बन जाने के बाद अब ऐसा ही आरोप कांग्रेस के लोग लगाने लगे हैं। इसी मसले पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महापौर पर जमकर शब्द बाण चलाए। कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स व उप नेता प्रतिपक्ष राजेश राय ने महापौर पर संगीन आरोप लगाए। सुशील मौर्य ने कहा कि महापौर निधि से महापौर अपने पूरे कार्यकाल में एक भी कार्य का शिलालेख नही लगवा पाई हैं। विकास कार्यों के मामले में महापौर कांग्रेसी वार्डो की घोर उपेक्षा कर रही हैं। कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं, जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। सुशील मौर्य ने सवाल किया कि आखिर महापौर निधि की रकम जा कहां रही है? सुशील मौर्य ने कहा कि जिलाध्यक्ष बनते ही मैं मेयर को लगातार आगाह करता रहा कि आप भ्रष्टाचार बंद कर अपने कार्यों निर्वहन जिम्मेदारी पूर्वक करें। सभी वार्डो में कार्य कराएं। कांग्रेस वार्डो में कार्य कराएं, कांग्रेसी वार्डो में आप कोई कार्य नही करा रही हैं। मौर्य ने कहा कि महापौर सिर्फ भाजपा के संजय पांडे के साथ मिलकर अपनी निधि खर्च कर रही हैं। आपके खुद के निवास क्षेत्र कर भी कई वार्डो की स्थिति खराब है। कई कांग्रेस वार्डो की स्थिति पूर्णतः खराब है। बकौल सुशील मौर्य- मैंने कहा था कि यदि आप अपने कार्यों को साफ सुथरा नहीं रखती हैं तो आने वाले समय में आपको कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। परंतु अपने भ्रष्टाचार को छुपाने व सम्मान न होने की बेतुकी व अमर्यादित बयानबाजी कर कांग्रेस पार्टी बदनाम करने के लिए महापौर ने भाजपा प्रेवश किया। भाजपा प्रवेश पश्चात आज तक महापौर निधि की जांच तक नहीं हुई है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि महापौर निधि की जांच व इसका भौतिक सत्यापन हो।वही मौर्य ने कहा आज महापौर का सम्मान कितना हो रहा है ये बस्तर की जनता भलीभांति जानती है। नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स ने कहा कि महापौर सफीरा साहू ने जो भ्रष्टाचार किया है उसकी जांच प्रशासन को करनी चाहिए। क्या भाजपा में जाते ही महापौर के दाग धुल गए? यही भाजपाई महापौर जब कांग्रेस में थी तब पूरे शहर में कहती फिरती थी कि अब तो यह स्पष्ट है महापौर भ्रष्ट है। लेकिन अब भाजपा प्रवेश के बाद उसी महापौर के जांच के विरुद्ध भाजपाई मुंह में दही जमाए बैठे हैं। जो संजय पांडे निगम के सामने धरना देते थे, वे आज खामोश क्यों हैं?

कहां है माइकल गली : राय

निगम के कद्दावर नेता माने जाने वाले उप नेता प्रतिपक्ष राजेश राय ने कहा महापौर निधि की जांच व भौतिक सत्यापन होना चाहिए। शहर में महापौर भ्रष्टाचार के बीज बो रही है। श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड में बने जिम में न उचित सामान न ही व्यवस्था है महापौर निधि द्वारा पूरे लाखों रुपये का जिम सामग्री में भ्रष्टाचार नज़र आ रहा है। कहां है माईकल गली, और किस वार्ड में आती है यह माईकल गली? महापौर निधि से माईकल नामक गली में पाइप लाइन विस्तारीकरण को लेकर पूरे 2 लाख रुपये का गबन किया गया है। जबकि आदेशित पत्र में न ही इस माईकल नामक गली के वार्ड का नाम अंकित है और न ही इस माईकल गली को कोई जानता है फिर कहां की माईकल गली के पाइपलाइन विस्तारीकरण का कार्य महापौर द्वारा करवाया जा रहा है!इसके अलावा शहर के कई वार्डो में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में महापौर द्वारा लगभग 50 लाख रुपए का भ्रष्टाचार किया गया है जिसकी जांच प्रशासन को तत्काल करनी चाहिए। महापौर जनता के हक का पैसा भ्रष्टाचार कर अपनी जेबें भरने का काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *