वीर नारायण सिंह की राह पर चल पड़े प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज

0  सोनाखान की माटी को नमन कर किया न्याय यात्रा का आगाज 
(अर्जुन झा)रायपुर/जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज 27 सितंबर को उस धरती की माटी को नमन कर प्रदेश की भाजपा सरकार के अन्याय और अत्याचार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया, जिस धरती से आदिवासी योद्धा शहीद वीर नारायण सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंका था। संयोग देखिए कि दीपक बैज भी आदिवासी हैं।

बस्तर संभाग के धाकड़ आदिवासी नेता, पूर्व सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज कांग्रेस के वो सिपाही हैं, जो वन मैन आर्मी के नाम से विख्यात हैं। वे सांसद रहते लोकसभा में सरकार के खिलाफ और बस्तर एवं छत्तीसगढ़ के हितों को लेकर हमेशा आक्रामक मुद्रा में नजर आते रहे। सदन से बाहर सड़क पर भी उनके तीखे तेवर की बानगी अक्सर देखने को मिलती रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में भी दीपक बैज सत्ताधारी भाजपा के कथित कुशासन, अपराध, महिलाओं, युवतियों व बच्चियों के साथ बढ़ती दुराचार की घटनाओं को लेकर वे एक सशक्त विपक्षी नेता की भूमिका निभाते आ रहे हैं। बलौदा बाजार कांड और कवर्धा जिले के लोहारीडीह गांव की घटना को लेकर दीपक बैज ग्राउंड जीरो पर पहुंचे थे। दोनों घटनाओं का बारीकी से अध्ययन करने के बाद पीसीसी चीफ दीपक बैज ने अब प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ आज 27 सितंबर से बड़ा मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रदेश के तमाम बड़े नेताओं को साथ लेकर छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा की शुरुआत की है। बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी और सोनाखान की पावन माटी को माथे पर लगाकर दीपक बैज ने आज छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा का श्रीगणेश किया। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह, स्वाभिमान, बलिदान की भूमि सोनाखान पहुंचकर दीपक बैज ने कांग्रेसजनों के साथ शहीद वीर नारायण सिंह को नमन, स्मरण कर छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा की शुरुआत की।

इस दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि सोनाखान की पवित्र माटी में जन्मे आदिवासी सपूत शहीद वीर नारायण सिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ लोहा लिया था। देश की आजादी की लड़ाई में वीर सपूत शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वहीं कांग्रेस के हमारे पूर्वजों ने भी इस देश के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं। अब हमें आज के काले अंग्रेजों से हक के लिए लड़ना पड़ रहा है। श्री बैज ने कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ महतारी और उसकी हर संतान को न्याय दिलाने दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है। हमारी यह छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा उसी लड़ाई का एक हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *