जगदलपुर में आजादी पर्व के पूर्व स्वतंत्रता तिरंगा दौड़ का हुआ आयोजन…

0  सांसद, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर हुए शामिल 

जगदलपुर। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से बुधवार की सुबह स्वतंत्रता तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ को पद्मश्री धरमपाल सैनी, सांसद बस्तर महेश कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ किया। इस दौड़ में जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे सहित प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी और स्काउट-गाईड के कैडेट्स, एसडीआरएफ के जवान और नागरिक शामिल हुए। दौड़ से पूर्व सभी अतिथियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र और पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद बस्तर महेश कश्यप ने 78वें स्वंतत्रता दिवस पर आजादी के दौड़ आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस स्वतंत्रता तिरंगा दौड़ का आयोजन का उद्देश्य हम सब भारतवासी स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों के कुर्बानी को सम्मान, स्मरण कर श्रद्धांजलि देने और देश प्रेम की भावना को जगाने के लिए किया जाता है। खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा मानते हुए हर खेल गतिविधियों में शामिल होना चाहिए। जिसने खेलना नहीं जाना उसने जीना नहीं जाना। इस दौरान सांसद श्री कश्यप ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत उपस्थित सभी लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने की शपथ दिलाई। पद्मश्री धरमपाल सैनी ने कहा कि देश के विकास में मन, वचन और अपने कर्तव्य का पालन कर सहभागी बने।

आजादी के लिए हमारे लाखों पूर्वजों ने बलिदान दिया। देश को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों को भौतिक-शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अपनी सहभागिता देनी होगी। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वंतत्रता तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया है। हमनें गत वर्ष 77वां स्वंतत्रता दिवस उत्साह, उमंग के साथ मनाया। हमको पूर्वजों ने अपना खून बहाकर हमें आजादी दिलवाई है। हर साल उन वीरों की कुर्बानी और देश के प्रति बलिदान को याद रखते हुए इस दिन की महानता व विशेषता को स्मरण करने के साथ ही अगली पीढ़ी को बताना है। इस कार्यक्रम को महापौर सफीरा साहू ने भी संबोधित करते हुए स्वंतत्रता दिवस के एक दिन पूर्व प्रतीकात्मक, सांकेतिक स्वरुप में अमृत महोत्सव में स्वंतंत्रता तिरंगा दौड़ के आयोजन के लिए दौड़ में भाग लेने वाले सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित स्वतंत्रता तिरंगा दौड़ में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, अधिकारी- कर्मचारियों, छात्र- छात्राओं, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर व होमगार्ड के जवानों,खेल संघों के खिलाड़ियों व पदाधिकारियों ने भाग लिया। स्वतंत्रता तिरंगा दौड़ सुबह 8 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से संजय मार्केट, हनुमान मंदिर, हाता ग्राउंड, चांदनी चैक, मेन रोड होती हुई गोल बाजार चैक से पुनः मां दंतेश्वरी मंदिर प्रागंण पहुंचकर समाप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *