छत्तीसगढ़ का हक छीनने वाले राशन पर आसन के सपने देख रहे – मरकाम

0 भाजपा पर कांग्रेस का हमला

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रदेश की जनता के साथ कोरोना काल में जो भेदभाव किया गया है, उसे जनता भूली नहीं है। उन्होंने गरीबों के आवास का कोटा रद्द किया है, उसे गरीब कभी नहीं भूल सकते। छत्तीसगढ़ के किसानों के हक में जो छीनाझपटी की है, वह भी किसानों को याद है और एक एक पाप का बदला खैरागढ़ उपचुनाव में वहां की जनता छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से भाजपा के खिलाफ जनादेश देगी। छत्तीसगढ़ में लगातार हर चुनाव हारने के कारण भाजपा नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उनके पास जनता का सामना करने का कोई रास्ता नहीं है तो अब मोदी द्वारा अतिरिक्त राशन की मियाद बढ़ाने के ऐलान पर यह समझ रहे हैं कि डूबते को तिनके का सहारा मिल गया है। लेकिन वे किसी गलतफहमी में न रहें। खैरागढ़ की जनता सारा भ्रम दूर कर देगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव होते ही मोदी सरकार ने जनता को महंगाई के हवाले कर दिया है। यह अतिरिक्त राशन इस महंगाई से कोई राहत नहीं दे सकता। जनता खाने पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों के हर सामान पर महंगाई की मार से त्रस्त है। पेट्रोल डीजल के दाम हर रोज बढ़ाकर जनता का दमन किया जा रहा है। जहां तक राशन की बात है तो कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार जनता को उसके हक का राशन पूरी संवेदनशीलता के साथ दे रही है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने पहले दिन से ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली को भाजपाई भ्रष्ट संस्कृति से मुक्त कर मजबूत किया है। अब जनता के राशन पर वह डाका नहीं पड़ता जो भाजपा के भ्रष्टाचारी राज में नान घोटाले के रूप में डाला जाता था। भाजपा रमनराज के उस ऐतिहासिक घोटाले के लिये प्रायश्चित करे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा नेताओं में जरा सी भी नैतिकता बाकी नहीं रह गई है इसलिए छत्तीसगढ़ के हित की बात करने पर उसके नेता छाती पीटने लगते हैं। अब जबकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के हक में जीएसटी क्षतिपूर्ति की अवधि दस साल बढ़ाने की मांग कर रहे हैं तो भाजपा के छत्तीसगढ़ विरोधी नेता अपना चरित्र दिखा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *