बस्तर में भूपेश बघेल के राम लखन बने दीपक और रेखचंद…

 

(अर्जुन झा)

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के लिए मखमली बिस्तर बने बस्तर के सम्पूर्ण विकास के लिए जुटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 4 साल से विकास की बरसात कर रहे हैं। 4 साल में बस्तर के चप्पे चप्पे में जितना विकास हुआ है, वह अपने आप में एक कीर्तिमान है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस वनांचल को छत्तीसगढ़ का स्वर्ग बनाने को प्राथमिकता दे रहे हैं। बस्तर के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री की मंशा के मुताबिक जन भावनाओं के अनुरूप विकास में बस्तर के सभी जन प्रतिनिधि अपने अपने क्षेत्र में पूरी तन्मयता से लगे हुए हैं। बस्तर सांसद दीपक बैज संसदीय क्षेत्र के सभी विधायकों के साथ मिलकर बस्तर विकासदूत की भूमिका निभा रहे हैं। उनका विधायकों के साथ बेहतर तालमेल होने के कारण विधायकों को अपने क्षेत्र के विकास में सहयोग मिल रहा है। मुख्यमंत्री बघेल हर छोटी बड़ी जरूरत को संज्ञान में लाते ही मंजूरी दे रहे हैं। उनकी समावेशी विकास की योजनाएं बस्तर में फलीभूत हो रही हैं। गोला बारूद की गंध की जगह विकास की सुगंध फैल रही है। बस्तर अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ गया है। अशिक्षा से शिक्षा की तरफ मुड़ गया है। हिंसा से शांति के मार्ग पर आगे बढ़ गया है। पिछड़ेपन से विकास की दिशा में अग्रसर है। मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व में सांसद दीपक बैज और विधायकों की एकजुट टीम बस्तर विकास के ध्येय को धरातल पर स्थापित कर रही है। इस नए दौर में छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव और बस्तर संभाग की इकलौती सामान्य सीट जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बराबरी से विकास कार्य करा रहे हैं। दीपक बैज पूरे संसदीय क्षेत्र में प्रकाश फैला रहे हैं तो जगदलपुर विधायक रेखचंद विकास के मार्ग में मील के पत्थर बन गए हैं। बस्तर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए राम लखन की यह जोड़ी अपने कार्य और व्यवहार से आकर्षित कर रही है। सांसद दीपक बैज संसद में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रतिनिधि के रूप में बस्तर व छत्तीसगढ़ के लिए आवाज बुलंद करते हैं। वे भूपेश बघेल सरकार की नीतियों पर दमदारी से बात करते हैं और भूपेश बघेल सरकार की मांगों पर केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हैं। बस्तर के बहुआयामी विकास के लिए वे मुख्यमंत्री के निर्देशन में सक्रिय हैं तो मैदानी संघर्ष तथा संपर्क के कारण बस्तर में कांग्रेस को मजबूत बनाये रखने में भूपेश बघेल की नीतियों पर प्रभावी अमल कराने के लिए विधायकों को प्रेरित कर रहे हैं। जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन ने अपने क्षेत्र में सक्रियता की मिसाल कायम की है तो संसदीय सचिव के तौर पर वे बस्तर के विकास में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। खास बात यह है कि सांसद दीपक बैज और संसदीय सचिव रेखचंद जैन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं व संगठन के पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कांग्रेस की जड़ों को सींच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *