मुठभेड़ में 08-08 लाख के दो इनामी नक्सली मारे गए

कांकेर। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर,सुन्दरराज पी., पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर बालाजी राव के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक कांकेर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में जिले में नक्सल उन्मूलन के तहत नक्सलियों के विरुद्ध लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।

ग्राम कड़में के पास परतापुर एरिया कमेटी के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर अमरनाथ सिदार अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़, प्रशांत सिंह पैकरा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर के पर्यवेक्षण में डीआरजी टीम एवं 81 वीं वाहिनी बीएसएफ की संयुक्त टीम को एरिया डॉमिनेशन/एम्बुश ऑप्स प्लान पर थाना सिकसोड़ क्षेत्रांतर्गत ग्राम कड़में, कठोरी, नवगेल, आलकन्हार की ओर रवाना किया गया था। एरिया डॉमिनेशन/एम्बुश ऑप्स प्लान के दौरान थाना सिकसोड़ से लगभग 20 किमी दूर ग्राम कड़में जंगल पहाड़ में घात लगाकर बैठे माओवादियों द्वारा पुलिस पार्टी को देखकर जान से मारने एवं हथियार लूटने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की गई, पुलिस पार्टी द्वारा भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायर किया गया। माओवादी पुलिस पार्टी को भारी पड़ता देख जंगल/पहाड़ की आड़ लेकर भाग गये।

बाद में पुलिस पार्टी द्वारा घटना स्थल पर बारीकी से सर्चिंग करने पर घटना स्थल से 02 माओवादियों के शव, 315 बोर रायफल, 08 एम.एम.पिस्टल, वाकीटॉकी सेट, पिठ्ठु, दवाई एवं अन्य नक्सल सामग्री बरामद हुई। मृत माओवादियों की शिनाख्त परतापुर एरिया कमेटी सचिव/डीव्हीसी दर्शन पद्दा उम्र 32 वर्ष, साकिन आमाकल ओरछा ब्लाक जिला नारायणपुर, उत्तर ब्यूरो एक्शन/रेकी टीम कमाण्डर जागेश सलाम उम्र 23 वर्ष निवासी हिरणपाल थाना आमाबेड़ा जिला कांकेर के रूप में की गई है। उक्त माओवादियों पर शासन द्वारा 08-08 लाख का इनाम घोषित है। क्षेत्र में डीआरजी/बीएसएफ बलों का लगातार सर्च अभियान जारी है। पुलिस-माओवादी मुठभेड़ में मारे गये माओवादियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में हत्या, लूट, आजगनी जैसे कई संगीन अपराधिक मामले दर्ज हैं। विगत दिनों मेटाबोदली माइंस में वाहनों की आगजनी एवं ग्राम चारगांव में एक ग्रामीण की गोली मारकर हत्या करने की घटना में भी मृत नक्सलियों की संलिप्तता के संबंध में तस्दीक की जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर, पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर एवं पुलिस अधीक्षक कांकेर द्वारा अभियान में शामिल अधिकारी/जवानों का हौसला अफजाई करते हुये नकद इनाम से पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *