एग्जिट पोल में भाजपा चार राज्यों में आगे, पंजाब में आप की सरकार…

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में सातवें चरण के मतदान के साथ ही आज पांच राज्यों के चुनाव की मतदान प्रक्रिया सम्पन्न हो गई। 10 मार्च को जनता का फैसला सामने आयेगा। लेकिन मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद एग्जिट पोल के तौर पर जो रुझान सामने आए हैं, उनमें चार राज्यों में भाजपा की सत्ता में वापसी बताई जा रही है जबकि पंजाब कांग्रेस के हाथ से निकलता बताया जा रहा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत मिलने के आसार एग्जिट पोल में बताए जा रहे हैं।

तमाम एग्जिट पोल बता रहे हैं कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भाजपा फिर से सत्ता में आ सकती है। उत्तर प्रदेश के बारे में एग्जिट पोल सत्ता में भाजपा की वापसी बता रहे हैं। उत्तराखंड में कांटे की टक्कर के बीच भाजपा की बढ़त के रुझान सामने आए हैं। गोवा में भाजपा पहले से मजबूत बताई जा रही है तो मणिपुर में भाजपा की सरकार फिर बनने के स्पष्ट रुझान व्यक्त किये जा रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का कहना है कि परिणाम तो बक्से ही बताएंगे। 10 मार्च का इंतजार करें। इधर भाजपा ने पांच राज्यों में से चार राज्यों में जीत का दावा किया है तो इसका भी फैसला 10 मार्च को हो जायेगा कि उसके दावे में कितना दम है। कई बार वास्तविक परिणाम एग्जिट पोल की पोल खोल देते हैं। बहरहाल पंजाब के रुझान के मद्देनजर आप और बाकी चार राज्यों के रुझान पर भाजपा खुश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *