जगदलपुर में पहली बार “बस्तर राइडर्स मीट 2026”, देशभर के बाइकर्स जुटेंगे

रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में 4 अप्रैल 2026 को पहली बार एक अनूठा बाइकिंग इवेंट “बस्तर राइडर्स मीट 2026” आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन गरुड़ा द राइडर्स क्लब द्वारा किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से बाइक राइडर्स और बाइकिंग के शौकीन शामिल होंगे।
आयोजन का उद्देश्य बस्तर की समृद्ध संस्कृति, खानपान और पारंपरिक वेशभूषा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही प्रतिभागियों को बस्तर के प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, बस्तर में बाइक राइडिंग की अपार संभावनाओं को देखते हुए इस कार्यक्रम को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इसमें विभिन्न विभागों के सहयोग से राइडर्स के लिए “बस्तर दर्शन” की व्यवस्था भी की गई है।
कार्यक्रम के दौरान बाइक शो एवं प्रदर्शनी में विभिन्न ब्रांडों की आकर्षक मोटरसाइकिलों का प्रदर्शन होगा, वहीं कुशल राइडर्स द्वारा रोमांचक स्टंट और राइडिंग शो भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ मॉडिफाइड बाइक, विंटेज बाइक और सुपरबाइक जैसी श्रेणियों में पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
इवेंट का एक प्रमुख आकर्षण “बस्तर टैलेंट शोकेस” होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार, संगीतकार और प्रतिभाएं अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। साथ ही सांस्कृतिक फूड फेस्टिवल में बस्तर के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को चखने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन न केवल बाइक प्रेमियों के लिए एक बड़ा मंच होगा, बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को देशभर में प्रस्तुत करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राइडर्स और इच्छुक प्रतिभागी मोबाइल नंबर 6263437809 और 7240839494 पर संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *