0 बढ़े टैक्स और अध्यक्ष की नकारापन से जनता हो रही हलाकान : कोसमा
दल्ली राजहरा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने आरोप लगाया है कि समूचा दल्ली राजहरा जल संकट से जूझ रहा है और नगर पालिका अध्यक्ष अपनी पार्टी के नेताओं को खुश करने में व्यस्त हैं। श्री कोसमा ने कहा है कि नगर के श्रमिक बहुल क्षेत्र में पानी की समस्या ग्रीष्मकल के शुरुआत में ही विकराल रूप ले रही है। नगर पालिका में आए दिन किसी न किसी वार्ड से पानी की समस्या को लेकर महिलाओं का दल नगर पालिका अध्यक्ष से मिलने लगातार आ रहा है । और पानी की समस्या, बढ़े हुए जल कर और स्वच्छता कर को कम करने की महिलाएं लगातार मांग कर रही हैं। संपत्ति कर समेकित कर को समय पर पटाने के बाद भी नगर पालिका के नकारा अध्यक्ष की कमजोर कार्यप्रणाली के चलते लोगों को टैक्स अधिक देना पड़ रहा है सुविधा नाम मात्र की भी नहीं है आम जनता की सुविधाओं और जरूरत से अध्यक्ष को कोई लेना-देना नहीं है। नगर पालिका अध्यक्ष का सारा ध्यान अपनी पार्टी के प्रभावशाली नेताओं को खुश करने में लगा रहता है।
पार्टी की अंदरूनी कलह में सभी पार्षदों को गुमराह कर अपने पक्ष में करने में लगा रहता है इस परिषद के गठन हुए पूरा 1 साल बीत गया जबकि प्रत्येक 3 माह में परिषद की बैठक नगर विकास के लिए किया जाना नगरी निकाय अधिनियम छत्तीसगढ़ में निहित है। इसके बावजूद समस्त परिषदों की कई दौर की बैठक अनौपचारिक रूप से अध्यक्ष के द्वारा भिन्न-भिन्न समय में ली जा चुकी है किंतु नगर के विकास के लिए कार्यक्रम तय करने योजनाएं बनाने के लिए पालिका परिषद की एक भी बैठक नहीं होना शहर विकास के लिए इनकी मंशा को दर्शाता है। इनके द्वारा नगर विकास की बातें सिर्फ कागजों में हो रही है धरातल पर पूरा साल बीत जाने के बाद भी परिषद की विधिवत बैठक नहीं रखना अध्यक्ष की अकर्मण्यता का सबूत है। कांग्रेस नेता रतिराम कोसमा ने कहा है कि नगर पालिका अध्यक्ष की अकर्मण्यता से विभिन्न वार्डों के रहवासियों खासकर महिलाओं में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। नागरिक सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। बहुत जल्द ही कांग्रेस शहर के विभिन्न वार्डों के लोगों को साथ लेकर नगर पालिका के अध्यक्ष की स्थिति के मांग के साथ पालिका का घेराव करेगी।