
जगदलपुर। शासन द्वारा आयोजित केंद्रीयकृत परीक्षा के तहत पांचवीं और आठवी की वार्षिक परीक्षाएं वर्ष 2026 प्रारंभ हो गई हैं। बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत टीकनपाल की पूर्व माध्यमिक शाला में परीक्षा सेंटर बनाया गया है। इस सेंटर में केवल एक ही बालिका खुशी ध्रुव कक्षा आठवीं की परीक्षा दे रही है। जबकि इस शाला में एक साथ सैकड़ों छात्र छात्राएं एग्जाम दे सकते थे। महज एक परीक्षार्थी के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है और शिक्षा विभाग से संबंधित तमाम अमले लगाए गए हैं। अमले में केंद्र अध्यक्ष भुनेश्वरी दीवान सहित दो शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। केंद्र अध्यक्ष भुनेश्वरी दीवान ने बताया कि केवल एक बच्चे के लिए ही यहां तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं। इस इकलौती परीक्षार्थी के लिए करीब सप्ताह भर हमें आना होगा। हालांकि इसी ग्राम पंचायत के दूसरे पारा मारीगुड़ा की पूर्व माधमिक शाला में भी परीक्षा केंद्र संचालित है, जहां कई बच्चे शामिल हो रहे हैं, लेकिन ऐसी अव्यवस्था आखिर कैसे हुई, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
कराएंगे परीक्षण
निरीक्षण करवा कर पूरे मामले की जानकारी लूंगा और आवश्यकता अनुसार कार्रवाई करूंगा।
-एचआर सोम, संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर