रायपुर। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था के तहत मालवाहक ऑटो और रिक्शों के प्रवेश पर लगाए गए समयबद्ध प्रतिबंध को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन के सामने अपनी चिंता जताई। Confederation of All India Traders (कैट) के प्रतिनिधिमंडल सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने रायपुर के कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से मुलाकात कर इस निर्णय से उत्पन्न समस्याओं से अवगत कराया।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में कैट छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिन्दर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज सहित कई व्यापारी नेता शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शहर में ट्रैफिक की समस्या को कम करने के उद्देश्य से तेलघानी नाका, भैंसस्थान, गुढियारी और अग्रसेन चौक जैसे प्रमुख ट्रांसपोर्ट क्षेत्रों में शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक मालवाहक ऑटो और रिक्शों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
व्यापारियों का कहना है कि इन इलाकों में बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट कार्यालय, गोदाम और माल बुकिंग केंद्र संचालित होते हैं। ऐसे में निर्धारित समय में प्रतिबंध लागू होने से माल बुकिंग, लोडिंग-अनलोडिंग और परिवहन कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बैठक में महात्मा गांधी रोड व्यापारी संघ, गुरुनानक चौक व्यापारी संघ, रवि भवन व्यापारी संघ और छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेडर्स एसोसिएशन सहित कई व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने प्रतिबंध के कारण व्यापार पर पड़ रहे प्रभाव को विस्तार से रखा।
कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने व्यापारियों की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है, लेकिन व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी भी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर जल्द ही उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।