बस्तर में 2209 आंगनबाड़ी भवनविहीन, 962 जर्जर—विधानसभा में उठा मुद्दा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन प्रश्नकाल के दौरान बस्तर संभाग में भवनविहीन और जर्जर भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का मुद्दा उठा। कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने इस पर चिंता जताते हुए सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी।
प्रश्नकाल में विधायक लखेश्वर बघेल ने पूछा कि बस्तर संभाग के जिलों में कुल कितने आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। साथ ही उन्होंने भवनयुक्त, भवनविहीन और जर्जर भवनों में संचालित केंद्रों की संख्या के साथ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी जाननी चाही।
जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि बस्तर संभाग में कुल 9876 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जबकि मिनी आंगनबाड़ी केंद्र एक भी नहीं हैं।
मंत्री के अनुसार इन 9876 केंद्रों में से 7667 केंद्र भवनयुक्त हैं, जबकि 2209 केंद्र भवनविहीन हैं। इसके अलावा 962 आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि 6431 केंद्रों में पेयजल और 5632 केंद्रों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *