गायत्री परिवार ने कराया 14 जोड़ों का आदर्श विवाह

0 पाथरी में पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न 

बकावंड। विकासखंड बकावंड के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पाथरी में गायत्री परिवार के तत्वावधान में नव चेतना गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन पांच कुंडीय यज्ञ के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में क्षेत्र के साथ-साथ सुदूर अंचलों से भी बड़ी संख्या में गायत्री साधकों और ग्रामवासियों ने भाग लिया।
आयोजन के दौरान विभिन्न संस्कार निशुल्क रूप से संपन्न कराए गए। इसी क्रम में 14 जोड़ों का आदर्श विवाह भी पूर्णत: निशुल्क कराया गया। गायत्री परिवार द्वारा वर्षों से खर्चीली शादियों पर विराम लगाने और दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देने की परंपरा निभाई जा रही है। इस पहल के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कर समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन दंतेवाड़ा गायत्री शक्तिपीठ से पहुंचे गुरुबंधु सिंह गौरव वट्टी एवं रमेश वट्टी की टोली द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच मंगलूराम, ग्राम पंचायत पखना कोंगरा के सरपंच जदूराम कश्यप, धरमूराम, पूनाराम पटेल, कार्तिक पटेल सहित पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान गायत्री शक्तिपीठ जगदलपुर ट्रस्ट मंडल की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *