रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से आत्मानंद स्कूल को बंद करने का षडयंत्र शुरू कर दिया गया है अभी कुछ सालों में आत्मानंद स्कूलों में स्टेशनरी की कमी, आवश्यक सुविधा को उपलब्ध नही कराया जा रहा है। स्कूलों के शिक्षकों को जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से वेतन नहीं दिया जा रहा ताकि संविदा के आधार नियुक्त शिक्षक धनाभाव में स्कूल छोड़ दें और स्कूलों को बंद करने का बहाना खोजा जा सके।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि विधानसभा में सरकार ने घोषणा कर दी है कि आत्मानंद स्कूल में प्री-प्राइमरी की कक्षाएं बंद कर दी जायेगी। आत्मानंद स्कूल ऐसा माध्यम था जहां गरीबों के बच्चे मुफ्त में शिक्षा प्राप्त करते थे लेकिन भाजपा की फासीवादी सोच राजनैतिक दल नहीं चाहता कि गरीब के बच्चों को स्तरीय शिक्षा मिले। इसलिये आत्मानंद स्कूल को बंद करने की साजिश की जा रही है। पहले पायदान के तौर में प्री-प्राइमरी कक्षा को बंद किया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल योजना गरीबों और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिये संजीवनी है। इस स्कूल में बच्चों को मुफ्त अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई कराया जाता है। निजी स्कूलों में एक बच्चे का अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई में औसतन प्रति माह 8 हजार से 9 हजार रू. का खर्च आता है। गरीब और मध्यम वर्ग के लिये यह खर्च उनकी क्षमता से अधिक हो जाता है। स्वामी आत्मानंद स्कूल में गरीब आदमी अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा दिला पा रहा है और अवसर का फायदा बच्चे भी उठा रहे है, तथा वे सफलता के नये परचम लहराया है। इसको बंद करना जनता के साथ अन्याय है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार पूरे देश में सरकारी स्कूलों को बंद करने का षड्यंत्र कर रही है। प्रदेश में 10463 सरकारी स्कूल बंद कर दिया गया पूरे प्रदेश में जहां-जहां भाजपा की सरकारे है वहां पर शासकीय स्कूलों को बंद किया गया पिछले दो सालों में देश में 1.40 लाख से अधिक सरकारी स्कूल बंद किये गये है। भाजपा सरकारी स्कूल बंद करके पूरे देश में आरएसएस के द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर खोलने का षड्यंत्र कर रही है। आत्मानंद स्कूल भाजपा के इस लक्ष्य में बाधक है इसीलिये वह सरकारी स्कूल बंद कर रही है।