31 मार्च से पहले टैक्स चुकाएं, निगम को करें सहयोग : महापौर संजय पांडे

0 समय जमा करें टैक्स, बचें पेनाल्टी से: राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा 

जगदलपुर। नगर पालिका निगम जगदलपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम माह मार्च में राजस्व वसूली तेज करते हुए टैक्स काउंटर खोले गए हैं। करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने शनिवार और रविवार अवकाश के दिनों में भी टैक्स काउंटर खुले रखने का निर्णय लिया है, ताकि नागरिक बिना किसी परेशानी के अपना कर जमा कर सकें।
निगम क्षेत्र के भवन एवं भूमि स्वामियों से संपत्ति कर, यूजर चार्ज, जल कर, भू-भाटक तथा दुकान किराया 31 मार्च से पहले जमा करने की अपील की गई है। समय पर कर जमा करने से नागरिकों को अतिरिक्त अधिभार नहीं लगेगा। करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम जगदलपुर ने डिजीटल भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है। सहायक राजस्व निरीक्षकों के पास उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से भी कर का भुगतान किया जा सकता है। नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को भी मुख्य कार्यालय में संपत्ति कर काउंटर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे। करदाता अवकाश के दिनों में भी अपने करों का भुगतान कर सकते हैं।महापौर संजय पांडे ने कहा कि करदाता चालू वित्तीय वर्ष का टैक्स 31 मार्च 2026 से पहले बिना किसी अधिभार के जमा कर सकते हैं। इसके लिए निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक वार्डों में घर-घर पहुंचकर कर वसूली के लिए दस्तक दे रहे हैं और नागरिकों को समय पर टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जिन करदाताओं ने अभी तक अपना पुराना संपत्ति कर जमा नहीं किया है, वे भी 31 मार्च से पहले टैक्स जमा कर निगम का सहयोग प्रदान करें। वहीं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने करदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक 31 मार्च से पहले अपने बकाया करों का भुगतान कर दें, जिससे उन्हें अतिरिक्त अधिभार से बचने का लाभ मिलेगा। सहायक राजस्व निरीक्षक घर एवं दुकानों तक पहुंच रहे हैं, जिनके माध्यम से भी टैक्स जमा किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *