ग्राम पंचायत तोंगकोंगेरा में प्रधानमंत्री मोदी के सपने की हत्या

० तीन साल से अधूरा पड़ा सार्वजनिक शौचालय, गड्ढा बन गया है जानलेवा 
बकावंड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वच्छ, साफ सुथरा और देश के हर नागरिक को निरोगी रखने का जो सपना देखा है, उस सपने की बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत तोंगकोंगेरा में हत्या कर दी गई है। इस पंचायत के आश्रित गांव आमादुला में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनने वाला सार्वजनिक शौचालय पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। शौचालय निर्माण के लिए केवल गड्ढा और कॉलम खोदकर काम बीच में ही छोड़ दिया गया, जिसके बाद आज तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय का काम शुरू तो किया गया, लेकिन उसे पूरा करने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई। वर्तमान स्थिति में वहां सिर्फ गड्ढा ही नजर आ रहा है, जो अब ग्रामीणों और खासकर बच्चों के लिए खतरा बन गया है। पास ही स्थित प्राथमिक शाला के बच्चे भी उसी स्थान के आसपास खेलते रहते हैं, जिससे हर पल दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। गांव के लोगों का आरोप है कि इस मामले में अब तक किसी भी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण नहीं किया है। वहीं सरपंच और सचिव भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। शौचालय अधूरा होने के कारण गांव के लोगों को आज भी बाल्टी और लोटा लेकर शौच के लिए जंगल के अंदर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में शौच के दौरान कई बार सांप-बिच्छू का खतरा भी बना रहता है। अगर किसी के साथ कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की होगी। इस संबंध में जब जनपद पंचायत बकावंड के सीईओ से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि फिलहाल फंड की कमी के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है। फंड उपलब्ध होते ही शौचालय निर्माण का काम दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। इस मामले में प्रतिक्रिया जानने के लिए सरपंच हरचंद कश्यप को संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *