इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य मुलाकात, नियुक्ति के लिए जताया आभार

जगदलपुर। इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने आज विधानसभा कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर अपनी नियुक्ति के लिए आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरने का वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रयास करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक अनुज शर्मा भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने शरद अवस्थी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के माध्यम से बस्तर अंचल के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

शरद अवस्थी ने कहा कि इंद्रावती बेसिन क्षेत्र बस्तर अंचल के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां के जल संसाधनों का बेहतर उपयोग, कृषि विकास, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार तथा क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण के माध्यम से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंद्रावती नदी और उससे जुड़े क्षेत्रों के संरक्षण एवं विकास के लिए ठोस पहल की जाएगी जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि बस्तर अंचल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है और यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के माध्यम से क्षेत्र में जल प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, सिंचाई व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे ताकि क्षेत्र के किसानों, युवाओं और आम नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी श्री अवस्थी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बस्तर अंचल के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के माध्यम से जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन होगा और इससे कृषि, सिंचाई तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि प्राधिकरण के माध्यम से बस्तर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा और क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *