दल्ली राजहरा। शहर के वार्ड क्रमांक 24 निवासी साहिल कुमार साहू का भारतीय सेना में जनरल ड्यूटी के पद पर चयन होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर हनुमान भक्तों ने गुप्ता चौक स्थित हनुमान मंदिर में शाल और श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान उनके पिता स्वरम साहू का भी सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह में सिंधी समाज के पूर्व अध्यक्ष आत्माराम लालवानी, समाजसेवी स्वाधीन जैन, हरेश साहनी, सौरभ जैन, तुषार गुप्ता, देवेन्द्र पंजवानी, विनय ओटवानी, परेश लालाजी, श्रवण सिंह राजपूत और मंदिर के पुजारी महाराज जी सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।
साहिल कुमार साहू ने अपनी सफलता का श्रेय भगवान हनुमान और अपने कोच राम नारायण को दिया। उन्होंने कहा कि कोच के मार्गदर्शन और लगातार मेहनत की बदौलत ही वे इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।
साहिल की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। वे दल्ली राजहरा के एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं और कठिन मेहनत व लगन से उन्होंने भारतीय सेना में जगह बनाई है।
साहिल का कहना है कि उनकी सफलता का राज दिन-रात की मेहनत और हनुमान जी की कृपा है। उन्होंने कहा, “मैं अपने कोच राम नारायण जी का आभारी हूं, जिन्होंने मुझे सही दिशा में मार्गदर्शन दिया और मेरी तैयारी में हर कदम पर सहयोग किया।”
साहिल की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में गर्व और खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता से इलाके के अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।