लक्ष्मी वर्मा के राज्यसभा निर्विरोध निर्वाचन पर भाजपा में उत्साह, नेताओं ने दी बधाई

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने पर सोमवार को प्रदेश भाजपा-परिवार में उत्साह दिखाई दिया। भाजपा के राष्ट्रीय व प्रादेशिक पदाधिकारियों ने इस मौके पर श्रीमती वर्मा को अपनी ओर से बधाई देकर उनके प्रति मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं का सम्मान : किरण देव

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई दी और कहा कि श्रीमती वर्मा का चयन भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय नेतृत्व के अटूट विश्वास का प्रतीक है। श्रीमती वर्मा ने संगठन में जिस समर्पण के साथ कार्य किया है, अब उसकी गूंज देश की सबसे बड़ी पंचायत में सुनाई देगी। यह निर्वाचन छत्तीसगढ़ की महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

संगठन की मजबूती का परिणाम है लक्ष्मी वर्मा की जीत : अरुण साव

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा निर्वाचन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संगठन में निरंतर सक्रिय रहने वाली और कार्यकर्ताओं के बीच गहरा प्रभाव रखने वाली लक्ष्मी वर्मा का निर्विरोध चुना जाना संगठन की एकजुटता और अनुशासन को दर्शाता है। उनके अनुभव का लाभ न केवल छत्तीसगढ़ को मिलेगा, बल्कि केंद्र में भी वे प्रदेश के विषयों को मुखरता से रखेंगीं।

निष्ठावान कार्यकर्ता का उचित सम्मान : विजय शर्मा

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा अपने परिश्रमी कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है। लक्ष्मी वर्मा का राज्यसभा जाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा में एक बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी सर्वोच्च सदन तक पहुँच सकता है। उनके निर्विरोध निर्वाचन से पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है।

राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की आवाज और बुलंद होगी : डॉ. सरोज पाण्डेय

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की एक अनुभवी और प्रखर महिला नेत्री का राज्यसभा जाना गौरव का विषय है। श्रीमती वर्मा ने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में जो कार्य किए हैं, वे प्रेरणादायक हैं। सदन में उनके प्रवेश से छत्तीसगढ़ के विकास और महिला हितों से जुड़े मुद्दों को नई ऊर्जा मिलेगी।

लक्ष्मी वर्मा का निर्वाचन नारी शक्ति की विजय : लता उसेण्डी

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कोण्डागाँव की विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रदेश की नारी शक्ति की जीत है। श्रीमती वर्मा ने हमेशा वंचितों और महिलाओं की आवाज बुलंद की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिलाओं को नेतृत्व के हर स्तर पर अवसर प्रदान कर रही है, श्रीमती वर्मा की जीत इसका प्रमाण है।

छत्तीसगढ़ के मुद्दों को नई धार मिलेगी : भाजपा महामंत्री

भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रय यशवन्त जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय व अखिलेश सोनी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमती लक्ष्मी वर्मा का निर्विरोध निर्वाचन पार्टी की सुस्पष्ट रणनीति और प्रदेश में भाजपा की मजबूत स्थिति का परिचायक है। उनके पास संगठन और प्रशासन का लम्बा अनुभव है, जिसका सीधा लाभ आने वाले समय में प्रदेश की जनता को मिलेगा।

हमारे लिए गौरव का क्षण : विभा अवस्थी

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि यह महिला मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है। श्रीमती वर्मा ने संगठन में हमें हमेशा मार्गदर्शन दिया है। उनका राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना जाना छत्तीसगढ़ की करोड़ों माताओं-बहनों का सम्मान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *