सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर

0 मौके से एसएलआर, इंसास राइफलें और पिस्टल की गई बरामद 

जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों की पर जंगल-पहाड़ में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सशस्त्र नक्सली मारा गया है। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान जवानों ने एक पुरुष नक्सली का शव बरामद किया है, जिसकी पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम सदस्य राजेश पुनेम के रूप में हुई है। उस पर शासन द्वारा 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च को थाना गीदम क्षेत्र के ग्राम गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के मध्य जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा हथियार और सामग्री डंप किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी दंतेवाड़ा के निर्देश और डीएसपी (नक्सल ऑप्स) राहुल कुमार उईके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच घात लगाए बैठे 8–10 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। जिसके बाद नक्सली जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ स्थल से एसएलआर और इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी टॉकी सेट, मैगजीन, जिंदा कारतूस और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी जवान सुरक्षित जिला मुख्यालय लौट आए। फिलहाल इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *