कांग्रेस ने आदिवासी नेत्री फूलो देवी नेताम पर फिर जताया भरोसा

0 छत्तीसगढ़ से फूलो देवी को पुनः राजयसभा में भेजने की तैयारी 
0 छत्तीसगढ़ की वरिष्ठ आदिवासी नेत्री और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष हैं फूलो देवी नेताम 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। कांग्रेस ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए बस्तर संभाग की वरिष्ठ आदिवासी नेत्री फूलो देवी को फिर से राज्यसभा में भेजने का फैसला किया है।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजयसभा के लिए पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए सूची जारी कर दी है। सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम, हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध, हिमाचल प्रदेश से कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा, तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक तथा तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी एवं वेम नरेंदर रेड्डी को राजयसभा के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया है। कांग्रेस द्वारा घोषित छह उम्मीदवारों में फूलोदेवी नेताम एकमात्र महिला और आदिवासी उम्मीदवार हैं। फूलो देवी सन 2020 से राज्यसभा सदस्य हैं। वे महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसके अलावा पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य भी हैं। बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले के फरसगांव की निवासी फूलोदेवी नेताम का पॉलिटिकल करियर भी उपलब्धियों से भरा हुआ है। पहली बार वे फरसगांव की जनपद अध्यक्ष चुनी गईं। फिर केशकाल सीट से विधायक निर्वाचित हुईं। श्रीमती नेताम जिला सहकारी बैंक जगदलपुर की अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ विधानसभा की महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष, बस्तर जिला पंचायत अध्यक्ष, माध्यमिक शिक्षा मंडल, रेलवे परामर्शदात्री सलाहकार समिति एवं दूरसंचार निगम सलाहकार की सदस्य भी रह चुकी हैं। फूलो देवी नेताम साफ सुथरी छवि वाली आदिवासी नेत्री हैं। आदिवासी समाज और महिलाओं के बीच उनकी लोकप्रियता का कोई मुकाबला नहीं है। महिला एवं आदिवासी समाज से फूलो देवी नेताम को राज्यसभा के लिए फिर से उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस ने बड़ा ही अच्छा संदेश जनता के बीच दिया है।. उन्हें राज्य के अधिकतर आदिवासी विधायकों का समर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *