वीबी जी राम जी योजना पर राजनगर में जन चौपाल का आयोजन

 

0 योजना के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक 

बकावंड। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में ग्रामीण भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने के उद्देश्य से देशभर में जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बस्तर जिले के विभिन्न मंडलों में जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अभियान के अंतर्गत बकावंड मंडल के राजनगर शक्ति केंद्र में वीबी जी राम जी जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें योजनाओं से सीधे जोड़ना था। कार्यक्रम में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के उन्नत स्वरूप पर विशेष रूप से चर्चा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि नई योजना में श्रमिकों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी, जल सुरक्षा, मूलभूत ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, आजीविका संवर्धन एवं आपदा-निवारण जैसे महत्वपूर्ण श्रमिक हितैषी प्रावधान हैं। जन चौपाल के माध्यम से गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम में संगठन द्वारा जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग शक्ति केंद्रों में वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया। राजनगर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं मातृशक्ति की सहभागिता देखने को मिली। भाजपा बकावंड मंडल अध्यक्ष पितांबर कश्यप ने कहा कि जन चौपाल कार्यक्रम ग्रामीणों और सरकार के बीच सेतु का कार्य कर रहा है। केंद्र सरकार की योजनाएं सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही इस अभियान का उद्देश्य है। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी लेकर उन्हें लाभ उठाना चाहिए। पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं जनपद अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप ने कहा कि नई योजना से रोजगार के अवसर बढ़े हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। भाजपा सरकार लगातार ग्रामीण विकास के लिए ठोस कदम उठा रही है। जनपद सदस्य अनिल कुमार बिसाई ने कहा कि जल संरक्षण, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं पर केंद्र सरकार का फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। जन चौपाल जैसे कार्यक्रम लोगों को जागरूक और आत्मनिर्भर बना रहे हैं।कार्यक्रम में राजनगर शक्ति केंद्र प्रभारी बालाजी पटेल, प्रतीक सिंह वैश्य, बुधराम बिसाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, माताएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जन चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों में सरकार की योजनाओं को लेकर उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और गांव के समग्र विकास में सहभागी बनने के आह्वान के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *