बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के गलगम क्षेत्र के घने जंगलों में माओवादियों द्वारा बिछाए गए प्लांटेड आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के धमाके में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घायल जवान की पहचान प्रधान आरक्षक नीलकंठ सिंह के रूप में हुई है। घटना की आधिकारिक पुष्टि बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) चंद्रकांत गवर्णा ने की है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों की एक टीम एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान के लिए गलगम के जंगलों में निकली थी। इसी दौरान एसटीएफ के जवान नीलकंठ सिंह का पैर आईईडी पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके में वह बुरी तरह घायल हो गए। साथी जवानों ने उन्हें तुरंत कैंप में पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया।
बेहतर इलाज के लिए उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रायपुर के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सर्चिंग और ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।