रायपुर। राजधानी रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में आयोजित देश के प्रतिष्ठित व्यापारिक आयोजनों में शामिल CAIT नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 अपने तीसरे दिन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल नवाचारों के प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ और अधिक भव्यता के साथ आगे बढ़ा। यह आयोजन रायपुर को तकनीक-आधारित राष्ट्रीय व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
देश के बड़े व्यापारी संगठन (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिन्दर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज ने बताया कि एक्सपो में लगभग 250 से अधिक ब्रांड्स भाग ले रहे हैं। देशभर से आए व्यापारी, उद्योगपति, स्टार्टअप्स और टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ इसमें शामिल हुए हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किरण सिंह देव उपस्थित रहे। उनके साथ केदार नाथ गुप्ता, संजय श्रीवास्तव एवं अमरजीत सिंह छाबड़ा ने एक्सपो का भ्रमण कर प्रतिभागियों से संवाद किया।

किरण सिंह देव का उद्बोधन
भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि 250 ब्रांड्स को एक मंच पर लाना ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के “लोकल फॉर वोकल” विज़न को सशक्त करने वाला आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि एक स्थानीय व्यापारी स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है। ऐसे आयोजन प्रदेश के व्यापारियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करते हैं।
अमरजीत सिंह छाबड़ा का संबोधन
“जय व्यापार” के उद्घोष के साथ उन्होंने कहा कि यह एक्सपो भारतीय व्यापार को नई दिशा देने वाला मंच है। एक ही छत के नीचे विभिन्न ब्रांड्स को लाने का प्रयास देश के व्यापारिक भविष्य की मजबूत नींव है।
AI और तकनीक आधारित व्यापार
एक्सपो में AI आधारित व्यापार समाधान, स्मार्ट रिटेल टेक्नोलॉजी, डिजिटल पेमेंट सिस्टम, ई-कॉमर्स टूल्स, डेटा एनालिटिक्स, ऑटोमेशन, ग्रीन टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्री 4.0 से जुड़े नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। AI स्टार्टअप्स, टेक-सक्षम MSME महिला उद्यमिता, फूड-टेक, एग्री-टेक, फिन-टेक और लॉजिस्टिक्स टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों की सक्रिय भागीदारी इसे राष्ट्रीय स्तर का बिज़नेस और इनोवेशन हब बना रही है। कैट पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में डिजिटल और नवाचार-आधारित आर्थिक मॉडल की मजबूत पहल है।
बजट के लिए व्यापारियों के सुझाव
एक्सपो के दौरान कैट प्रतिनिधिमंडल ने आगामी राज्य बजट के लिए व्यापारियों के सुझावों की प्रति किरण सिंह देव को सौंपी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुझावों को वित्त मंत्री ओपी चौधरी तक पहुंचाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 20 से 24 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस राष्ट्रीय व्यापार महोत्सव का समापन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। CAIT नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की सोच को साकार करता हुआ रायपुर को राष्ट्रीय व्यापारिक मानचित्र पर नई पहचान दे रहा है।