सूरजपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की बार-बार चेतावनी और सख्ती के बावजूद सोशल मीडिया लाइक्स और वायरल होने की चाह में युवा सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन करने से बाज नहीं आ रहे। 16 फरवरी की रात अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाइवे पर युवकों ने कार की बोनट पर केक काटा, आतिशबाजी की और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित किया। इस दौरान एंबुलेंस सहित कई वाहन जाम में फंस गए और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवाही में आरव रेस्टोरेंट के सामने हुई। वायरल वीडियो के बाद एसएसपी के निर्देशन में दो पुलिस टीमों ने जांच शुरू की और अम्बिकापुर से 6 तथा लटोरी से 1 युवक को गिरफ्तार किया। दो वाहन भी जब्त किए गए। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार युवकों की सूची:
-
अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24), पिता राकेश गुप्ता, वार्ड क्र. 44, अम्बिकापुर
-
अंशुल अग्रवाल (25), पिता सोहन लाल अग्रवाल, अम्बिकापुर
-
प्रथम अग्रवाल (24), पिता प्रमोद अग्रवाल, मणीपुर, अम्बिकापुर
-
शुभम अग्रवाल (23), पिता सुभाष अग्रवाल, कुण्डला सिटी, अम्बिकापुर
-
महेश साहू (27), पिता विनय साहू, बिलासपुर चौक, अम्बिकापुर
-
निखिल रामा (26), पिता तुलसी राम, जनपदपारा, अम्बिकापुर
-
अरूण देवांगन (39), पिता कैलाश प्रसाद देवांगन, लटोरी, चौकी लटोरी
पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 285, 126(2), 283 आदि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। हाईकोर्ट पहले ही सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन, स्टंटबाजी और यातायात बाधित करने वाले मामलों में स्वत: संज्ञान लेकर राज्य सरकार से जवाब मांग चुका है और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होने के नाम पर सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।