आईटीबीपी जवान छुट्टी के दौरान लापता, गोरखपुर में मिला सामान

कांकेर। जिले के चारामा थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। पंजाब में तैनात आईटीबीपी का एक जवान छुट्टी पर घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। 7 फरवरी की रात परिजनों से रायपुर पहुंचने की बात कहने के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में उनका सामान मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है।

चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम कसावाही निवासी जवान विनोद कुमार गोटी वर्तमान में Indo-Tibetan Border Police (ITBP) में पदस्थ हैं और पंजाब के लुधियाना स्थित पोस्ट पर तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी की रात करीब 10 बजे उन्होंने परिजनों से फोन पर बातचीत कर बताया था कि वे छुट्टी लेकर घर लौट रहे हैं और रायपुर पहुंचने पर उन्हें लेने आने को कहा था। अगली सुबह जब उनके पिता ने संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल फोन बंद मिला।

परिजनों के लगातार प्रयास के बीच गोरखपुर रेलवे पुलिस ने कॉल रिसीव कर जानकारी दी कि जवान का रेलवे से संबंधित सामान गोरखपुर में मिला है, जिसे छोड़कर वे कहीं चले गए हैं। सूचना मिलते ही परिजन गोरखपुर पहुंचे, लेकिन वहां भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिवार सामान लेकर वापस कांकेर लौट आया है। घटना के बाद से जवान की तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द जवान का पता लगाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *