सरगुजा। जिले में 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। परीक्षा देने जा रहे दो छात्र NH-43 मार्ग पर बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, बेलकोटा निवासी निष्क एक्का और झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी 12वीं बोर्ड परीक्षा देने परीक्षा केंद्र जा रहे थे। बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिपारा–कुनकुरी मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक सड़क किनारे पड़ी गिट्टी में फिसल गई। तेज रफ्तार के कारण बाइक लगभग 20 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में निष्क एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरतलब है कि प्रदेश में 12वीं बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक और 10वीं बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा के पहले ही दिन हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।