साय के सुशासन को बदनाम करने रोक दी पेंशन राशि

0 सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पेंशन राशि नवंबर माह से लंबित 
0 भाजपा सरकार और प्रशासन पर सरपंच नीलम कश्यप का बड़ा आरोप 
बकावंड। विकासखंड बकावंड में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन को बदनाम करने प्रशासन द्वारा तरह तरह के हठकंडे अपनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत दी जाने वाली पेंशन का आवंटन रोक दिया गया है। इस मुद्दे को लेकर कोसमी पंचायत के युवा सरपंच नीलम कश्यप ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
सरपंच नीलम कश्यप ने कहा है कि नवंबर माह से विधवा, वृद्धा एवं विकलांग पेंशन की राशि हितग्राहियों के खातों में जमा नहीं की गई है। इससे पंचायतों में बुजुर्गों और जरूरतमंदों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। श्री कश्यप ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार की उदासीनता के कारण पेंशनधारियों को समय पर उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है। पेंशन ही इन बुजुर्गों का मुख्य सहारा है, जिससे वे साग-सब्जी और दैनिक जरूरतों की पूर्ति करते हैं। वृद्धावस्था और शारीरिक असमर्थता के कारण अधिकांश हितग्राही अन्य किसी स्त्रोत से आय अर्जित करने में सक्षम नहीं हैं। सरपंच नीलम कश्यप ने कहा कि जब सरकार अन्य योजनाओं में नियमित भुगतान कर रही है, तो पेंशनधारियों की उपेक्षा क्यों की जा रही है? उन्होंने इसे भाजपा सरकार की विफलता बताते हुए कहा कि पूरे बस्तर जिले में पेंशन व्यवस्था ठप है। उन्होंने सरकार से तत्काल लंबित राशि जारी करने और भविष्य में समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है और अन्यथा की स्थिति में जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *