0 नगर निगम आयुक्त का बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जताया आभार
जगदलपुर। शहर के हृदय स्थल शहीद पार्क मुख्य मार्ग और दशकों पुराने हनुमान मंदिर के समीप लंबे समय से संचालित हो रहे पके हुए मांस के अवैध ठेलों पर आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। बजरंग दल की निरंतर मांग और कड़े विरोध के बाद प्रशासन ने इन दुकानों को हटाने का निर्णय लिया, जिससे स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।
इस कार्रवाई पर बजरंग दल ने नगर निगम आयुक्त के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनभावनाओं की जीत बताया है। विदित हो कि बजरंग दल के तत्कालीन जिला संयोजक मुन्ना बजरंगी के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम आयुक्त को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया था। बजरंग दल का तर्क था कि शहीद पार्क के भीतर स्थित हनुमान मंदिर वर्षों से हजारों लोगों की अटूट आस्था का केंद्र है, ऐसे में मंदिर के ठीक सामने और मुख्य मार्ग पर मांस का खुलेआम विक्रय करना न केवल धार्मिक मर्यादाओं के विरुद्ध है, बल्कि इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं भी निरंतर आहत हो रही हैं। ज्ञापन में इस बात का भी उल्लेख किया गया था कि शहीद पार्क में प्रतिदिन सुबह शाम बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और बच्चे स्वास्थ्य लाभ हेतु टहलने आते हैं। मांस के ठेलों से निकलने वाली गंदगी, अपशिष्ट की बदबू और मसालों के तीखे धुएं के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, मुख्य मार्ग पर इन ठेलों के जमावड़े के कारण पार्किंग की भारी अव्यवस्था उत्पन्न हो रही है, जो आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। संगठन ने पूर्व में भी कई बार प्रशासन को चेताया था कि यदि जनहित में इन दुकानों को तत्काल नहीं हटाया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता और पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों पर गौर करते हुए अंततः कार्रवाई कर ही दी। बजरंग दल ने स्पष्ट किया कि है वे किसी के रोजगार के विरुद्ध नहीं हैं, परंतु धार्मिक स्थलों की पवित्रता और सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की थी कि इन दुकानदारों के लिए किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जाए ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।आज नगर निगम द्वारा की गई इस कार्रवाई के पश्चात, तत्कालीन जिला संयोजक मुन्ना बजरंगी एवं बजरंग दल के अन्य पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई शहर की स्वच्छता और सांस्कृतिक मर्यादा को बनाए रखने के लिए आवश्यक थी। संगठन ने नगर निगम आयुक्त की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए विश्वास जताया है कि भविष्य में भी प्रशासन जनहित और धार्मिक भावनाओं का इसी प्रकार सम्मान करेगा।