
धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी बाईपास के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के 4 जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जवान जगदलपुर से डिजायर कार में आ रहे थे। खपरी बाईपास के पास कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और जवान उसमें फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर से कार काटकर जवानों को बाहर निकाला गया। हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल जवान का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।