रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में तैनात एक पुलिस आरक्षक को अवैध मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) बेचते हुए गिरफ्तार किया। इस घटना ने पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा दिया।
गिरफ्तार आरक्षक की पहचान हिमांशु बर्मन (34 वर्ष), पिता चैतुराम बर्मन, निवासी ग्राम कुण्डा, जिला कबीरधाम, हाल पता जनता कॉलोनी, पुलिस लाइन रायपुर, के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से लगभग 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल और इशु अग्रवाल के नेतृत्व में थाना टिकरापारा और आजाद चौक की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर से सूचना मिली कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक CG-04-PW-1372 में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाना में धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है और मादक पदार्थ के स्रोत से लेकर गंतव्य तक की जांच जारी है।