बदलते बस्तर की खूबसूरत तस्वीर…

० मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समारोह में नक्सली जोड़े ने भी रचाई शादी 
०  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने दिया जोड़ों को आशीर्वाद 
(अर्जुन झा)जगदलपुर। माओवाद के चंगुल से मुक्त होते हुए शांति और प्रगति की ओर अग्रसर बस्तर की बड़ी ही खूबसूरत तस्वीर सुकमा जिले से सामने आई है। यहां मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में एक आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े ने भी दाम्पत्य जीवन अंगीकार किया है।
सुकमा में राज्य शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 101 जोड़ों का विवाह कराया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव जोड़ों को आशीर्वाद देने पहुंचे थे शामिल। इन 101 जोड़ों में एक आत्म समर्पित नक्सली जोड़ा भी शामिल था। इस पूर्व नक्सली जोड़े का भी विवाह इस सम्मेलन में हुआ है। विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इस जोड़े को भी आशीर्वाद के साथ सुखमय दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी। माओवादी गतिविधियां रोकने तथा माओवादी के मकड़ जाल में उलझे लोगों को समाज एवं विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई पुनर्वास योजना बेहद कारगर साबित हो रही है। पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर जिलों में अब तक सैकड़ों नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों को फोर व्हीलर ड्राईविंग, मेशन, टेलरिंग, कैटरिंग, वेटर आदि का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। आत्मसमर्पित नक्सली बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों में अपनी खेल प्रतिभा और कला का प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *