पापा! कभी न खाना तंबाकू और न पीना बीड़ी, सिगरेट

० बच्चों ने पापाओं को लिखी भावुक चिट्ठी 
०  कैंसर दिवस पर स्वामी विवेकानंद स्कूल में गूंजा जागरूकता का संदेश 
जगदलपुर। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर शहर के स्वामी विवेकानंद स्कूल में एक संवेदनशील और अनूठी पहल देखने को मिली, जहां स्कूली बच्चों ने अपने अभिभावकों के नाम भावुक पत्र लिखकर उन्हें कैंसर के खतरों के प्रति आगाह किया। राज्य शासन के आदेश और बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ बिगुल फूंका। जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल और सीएमएचओ के मार्गदर्शन में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला का मुख्य आकर्षण स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय पत्र लेखन प्रतियोगिता रही।
पत्र लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने पालकों को प्रतीकात्मक रूप से जागरूकता संदेश देते हुए पत्र लिखे। इन पत्रों के माध्यम से बच्चों ने न केवल अपने मन की बात कही, बल्कि अपने परिवार को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह भी किया।प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों का चयन कर छात्रों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई, जिससे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जागरूकता सत्र के दौरान महारानी अस्पताल से आए विशेषज्ञों ने बच्चों को इस बीमारी की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने नशापान से होने वाले शारीरिक और आर्थिक नुकसान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को समझाया कि कैसे नशा एक खुशहाल परिवार को बर्बाद कर सकता है। वहीं सहायक जिला शिक्षा परियोजना अधिकारी जयंती कश्यप ने बदलती जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि अनियमित दिनचर्या और जंक फूड का अत्यधिक सेवन भी कैंसर का कारण बन सकता है।
चिकित्सीय पहलुओं पर बात करते हुए कैंसर रोग विशेषज्ञ व जिला नोडल अधिकारी डॉ. भंवर शर्मा ने बताया कि यदि समय रहते लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो कैंसर का इलाज पूरी तरह संभव है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी कमलेश रामटेके ने विज्ञान के नजरिए से समझाया कि मादक पदार्थ किस तरह मानव शरीर की कोशिकाओं को नष्ट करते हैं। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला को सफल बनाने में जिला अस्पताल से रेडियोलॉजिस्ट डॉ. शांडिल्य, जिला टीबी नियंत्रण अधिकारी डॉ. मैत्री और जिला सलाहकार हनी गाडलिब की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद संस्था की प्रभारी प्राचार्या कविता कौर, संकुल समन्वयक गोपाल बिसाई और समस्त शिक्षक स्टाफ ने विशेष सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *