रायगढ़। शहर के शिवा नगर इलाके में देह व्यापार के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस की टीम, सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में, केवड़ाबाड़ी एसबीआई मेन ब्रांच के सामने स्थित एक मकान पर दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। मौके से आरोपी राहुल यादव और उसकी महिला सहयोगी को पकड़ा गया। पुलिस ने रेड के दौरान नकदी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की।
इस मामले में थाना कोतवाली में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्यों को पनपने नहीं दिया जाएगा और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।