मल्टी व्यावसायिक परिसर की 80 दुकानों की नीलामी


०  निविदा आमंत्रित, 3 मार्च को खोले जाएंगे लिफाफे

जगदलपुर। नगर पालिका निगम जगदलपुर के स्वामित्व वाले इतवारी बाजार मल्टी व्यावसायिक परिसर में निर्मित कुल 80 दुकानों की नीलामी हेतु बंद लिफाफा पद्धति से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। यह टेंडर प्रक्रिया महापौर संजय पांडे एवं सभापति राजस्व संग्राम सिंह राणा के निर्देश पर तथा आयुक्त प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में जारी की गई है। नीलामी हेतु कोरा निविदा प्रपत्र 4 से 26 फरवरी तक कार्यालयीन समय में नगर पालिका निगम जगदलपुर के राजस्व शाखा कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। मुहरबंद निविदाएं केवल स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 3 मार्च को अपरान्ह 4 बजे तक आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त निविदाओं को उसी दिन अपरान्ह 4:30 बजे निविदादाताओं एवं उनके अधिकृत प्रतिनिधियों के समक्ष खोला जाएगा।

विभिन्न आकारों की 80 दुकानें

राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कॉम्प्लेक्स में कुल 80 दुकाने हैं। इनमें 9.8 वर्ग मीटर की 4 दुकानें,
11.9 वर्ग मीटर की 12 दुकानें, 18.5 वर्ग मीटर की 16 दुकानें और 23.36 वर्ग मीटर की 48 दुकानें शामिल हैं। इन दुकानों का आवंटन अनारक्षित, विधवा, परित्यक्ता, महिला वर्ग, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, शिक्षित बेरोजगार, दिव्यांग एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रेणी के अंतर्गत आरक्षण पद्धति से किया गया है।नीलामी से संबंधित विस्तृत जानकारी कार्यालयीन समय में राजस्व शाखा से ली जा सकती है और ब्यौरा नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *