भेड़ियों’ को पकड़ने एसपी ने छोड़े ‘काले चीते’

0 लगातार हो रही वारदातों के बाद जगदलपुर में पुलिस ने छेड़ा विशेष अभियान 
0 8 बाइक पर 16 जवानों की ब्लैक पैथर टीम 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। नगर में भेड़ियों का उत्पात बढ़ गया है। इन भेड़ियों की धर पकड़ के लिए अब काले चीते मैदान पर उतर आए हैं। अब देखना है कि इन भेड़ियों पर ये काले चीते किस कदर नकेल कस पाते हैं। नगर में भेड़िये सक्रिय हो गए हैं और आम लोगों को खासा नुकसान पहुंचा रहे हैं। यहां तक कि देवी देवताओं के स्थानों को भी ये भेड़िये नहीं छोड़ रहे हैं। ये भेड़िये कोई जंगल से आए हिंसक वन्यप्राणी नहीं, बल्कि इंसानी शक्ल वाले हैं जो दिन में तो आप और हम जैसे नजर आते हैं मगर रात में उनका चेहरा और चरित्र बदल जाता है। ये भेड़िये चोरी, उठाईगिरी, लूट, नशाखोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। नगर बढ़ती चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले इन भेड़ियों की धर पकड़ के लिए बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने अपने काले चीते छोड़ दिए हैं। एसपी श्री सिन्हा के निर्देश पर टीम ब्लैक पैंथर का गठन किया गया है। ब्लैक पैथर टीम द्वारा नगर की आउटर कॉलोनियों में पेट्रोलिंग की जा रही है। 8 मोटर साइकिलों पर सवार 16 जवानों की विशेष टीम बनाई गई है, जिसे ब्लैक पैथर नाम दिया गया है।पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर कोतवाली बोधघाट थाना क्षेत्र में टीम ब्लैक पैंथर द्वारा आउटर कॉलोनियों में सघन पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। 8 मोटर साइकिलों पर सवार 16 जवानों की विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम नगर की आउटर कॉलोनियों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज के मैदानों, गलियों एवं प्रमुख चौराहों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान स्कूल कॉलेज के मैदानों, गलियों एवं चौराहों पर शराब और गांजा का सेवन करते पाए गए व्यक्तियों को पकड़कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटर साइकिलों की जांच कर ऐसे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित की गई। उल्लेखनीय है कि नगर के दंतेश्वरी मंदिर, संजय बाजार, मेडिकल कॉलेज रेसीडेंसियल कॉलोनी समेत कई पॉश कॉलोनियों में चोरी की बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। हालांकि पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह को जरूर पकड़ लिया है, लेकिन आमजन चोरों की दहशत से अब भी उबर नहीं पाए हैं।

 

 पुलिस की अपील पुलिस प्रशासन ने कहा है कि नशाखोरी, असामाजिक गतिविधियों एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध इस प्रकार का सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *