बलि का बकरा’ बयान पर दीपक बैज का सवाल- लखमा निर्दोष हैं तो दोषी कौन? BJP से माफी की मांग

रायपुर। पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को “बलि का बकरा” बताए जाने वाले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बयान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर लखमा को ही बलि का बकरा माना जा रहा है, तो फिर असली दोषी कौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का यह बयान खुद इस बात की स्वीकारोक्ति है कि कवासी लखमा निर्दोष हैं और एक निर्दोष व्यक्ति को जेल भेजा गया। ऐसे में भाजपा को प्रदेश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

‘सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं’— जमानत पर कांग्रेस का उत्साह

कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि यह न्याय की जीत है। उन्होंने कहा, “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन कभी पराजित नहीं होता। बैज ने न्यायालय का आभार जताते हुए कहा कि लखमा की रिहाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग किया गया। बैज ने दावा किया कि जेल से बाहर आते ही कार्यकर्ता लखमा का भव्य स्वागत करेंगे और इससे पार्टी संगठन और मजबूत होगा।

धान खरीदी पर सरकार घिरी, 25 लाख मीट्रिक टन धान अब भी बाकी

धान खरीदी की समय-सीमा में दो दिन की बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार 162 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का दावा कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि करीब 25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी अब तक नहीं हो सकी है। बैज ने कहा कि बड़ी संख्या में किसान अभी भी धान बेचने से वंचित हैं। कांग्रेस के दबाव में सरकार को समय बढ़ाना पड़ा, लेकिन दो दिन की मोहलत नाकाफी है।

कांग्रेस की मांग: धान खरीदी की अवधि 15 दिन और बढ़े

दीपक बैज ने स्पष्ट मांग करते हुए कहा कि धान खरीदी की अवधि कम से कम 15 दिन और बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि दो दिन में दो लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी संभव नहीं है, जिससे किसानों की समस्या जस की तस बनी रहेगी।

नक्सलवाद खत्म होने के दावे पर सवाल, बोले— 2026 तक इंतजार करें

मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने के सरकारी दावे पर भी कांग्रेस अध्यक्ष ने संशय जताया। उन्होंने कहा कि सरकार को जमीनी हकीकत के आधार पर बात करनी चाहिए। मार्च 2026 आने दीजिए, तभी स्पष्ट होगा कि नक्सलवाद वास्तव में समाप्त हुआ है या सिर्फ दावे किए जा रहे हैं।

राहुल–बृजमोहन मुलाकात पर बोले बैज: लोकतांत्रिक परंपरा है

भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ राहुल गांधी की तस्वीर वायरल होने और उस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित पार्टी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक लोकप्रिय राष्ट्रीय नेता हैं और संसद में इस तरह की मुलाकातें लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा हैं। बृजमोहन अग्रवाल वरिष्ठ नेता हैं, दुश्मन नहीं। बैज ने साफ कहा कि जहां भाजपा सरकार की नाकामियों का सवाल होगा, कांग्रेस पूरी मजबूती से आवाज उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *