भूपेश बघेल के पत्र पर भाजपा प्रवक्ता ठोकने का पलटवार,सैकड़ों किसानों की आत्महत्या का जिम्मेदार रहे भूपेश

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धान खरीदी के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लिखे गए पत्र पर पलटवार करते हुए कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने 140 लाख मीटरिक टन धान खरीदा है और उसका पूरा भुगतान भी समय पर किसानों के खातों में जमा भी करने का काम किया है और इसी महीने अंतर की राशि का भुगतान भी किसानों को किया जाएगा। श्री ठोकने ने कहा कि धान खरीदी के नाम पर अपने शासनकाल में किसानों के साथ की गई साजिशों, छल-कपट और धोखाधड़ी के काले पन्नों पर बघेल को नजरें दौड़ाकर अपनी याददाश्त को दुरुस्त कर लेना चाहिए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठोकने ने कहा कि बघेल को चिठिठयाँ लिखने की लत-सी है। सरकार में रहते हुए काम करने के बजाय पूरे पाँच साल केवल चिटिठयाँ लिखते रहे और आज विपक्ष में रहकर भी बघेल वही काम कर रहे हैं। यह इस बात की तस्दीक करने के लिए पर्याप्त है कि कांग्रेस के नेता मुद्दों की कंगाली से किस तरह जूझ रहे हैं? श्री ठोकने ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बघेल का पत्र ओछी राजनीति से प्रेरित है। धान खरीदी को लेकर पत्र लिखने से पहले बघेल को अपने शासनकाल की धान खरीदी के लिए प्रदेश के किसानों से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए जब बारदाने की कमी एक बड़ी समस्या बनी रहती थी और धान के मूल्य की अंतर की राशि किश्तों में किसानों को मिलती थी। धान खरीदी केन्द्रों पर किसानों को कोई सुविधा भूपेश सरकार ने नहीं दी थी। श्री ठोकने ने कहा कि भूपेश बघेल सैकड़ों किसानों की आत्महत्या के जिम्मेदार रहे हैं, जब रकबा कटौती के कारण भी किसान आत्महत्या करने को मजबूर हुए थे।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठोकने ने कहा कि गिरदावरी के नाम पर किसानों को परेशान करने वाले अब किस मुँह से किसानों के हितैषी बनकर घड़ियाली आँसू बहा रहे हैं? बारदानों की कमी के लिए मिथ्या प्रलाप कर बघेल लगातार केन्द्र सरकार को कोसते रहे जबकि विधानसभा में खुद स्वीकार किया था कि बारदानों का इंतजाम राज्य सरकार को करना था। श्री ठोकने ने कहा कि प्रदेश की साय-सरकार ने अन्य प्रदेशों से आने वाले तस्करी के धान पर सख्त निगरानी रखकर छत्तीसगढ़ के किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *