रायपुर। नवा रायपुर के निर्माणाधीन फिल्म सिटी ग्राउंड में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय भूपेंद्र पटेल के रूप में हुई है। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर अभनपुर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने आसपास से साक्ष्य जुटाने, फिंगरप्रिंट, फुटप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा करने का काम शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, सुनसान और निर्माणाधीन इलाके में शव मिलने से हत्या की संभावना मजबूत हो रही है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही मौत का सटीक कारण और परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई में आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के मोबाइल फोन और अन्य सामान की तलाश भी की जा रही है।