रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर जारी विवाद के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन होने के कारण प्रदर्शन कर रही है और उनका एकमात्र धर्म विरोध करना है। नारायणपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में सीएम साय ने बताया कि आज धान खरीदी की अंतिम तारीख है और खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई थी और किसानों का धान समय पर खरीदने तथा टोकन वितरण में कोई देरी न होने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में धान खरीदी व्यवस्थित ढंग से हो रही है और पात्र किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। हाल के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक 105-106 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है, साथ ही किसानों को भुगतान भी तेजी से किया जा रहा है। भूमि संबंधी गाइडलाइंस में संशोधनों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुझाव मांगे गए हैं और इस पर कार्यवाही जारी है।
निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्ड से इलाज न करने के ऐलान पर उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी बकाया राशि समय पर जारी की जाएगी, ताकि कोई परेशानी न हो। मुख्यमंत्री नारायणपुर में दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। उनके साथ राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे 361 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। ये कार्य जिले के बुनियादी ढांचे, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में विकास को गति देंगे।