मुठभेड़ में मारे गए दो नक्सली, दोनों के शव बरामद

0 हथियार और गोला बारूद भी बरामद

जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के दक्षिण क्षेत्र में नक्सलियों और डीआरजी के जवानों के बीच गुरुवार सुबह से मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ में अब तक दो नक्सली मारे गए हैं और दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जवानों ने मौके से कई अत्याधुनिक हथियार और गोला बारूद भी बरामद किए हैं।
नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी की टीम अभियान पर निकली थी। डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच सुबह 7 बजे से रुक-रुक कर मुठभेड जारी है। सर्च के दौरान अब तक मुठभेड स्थल से दो नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। चूंकि अभियान अभी भी जारी है। इसलिए मुठभेड़ के स्थान, ऑपरेशन में शामिल जवानों की संख्या तथा अन्य संवेदनशील जानकारी इस समय साझा नहीं की गई है। आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। मौके से एके-47 राइफल, 9 एमएम पिस्टल और गोला बारूद बरामद होने की खबर है।

20 और 30 किलो के आइईडी बरामद
बीजापुर जिले में ही फोर्स को एक और बड़ी सफलता मिली है। 29 जनवरी को डीआरजी बीजापुर, थाना ईलमिड़ी और छसबल 9वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने ईलमिड़ी-लंकापल्ली क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान डिमाईनिंग कार्यवाही करते हुए लंकापल्ली कच्ची रोड पर माओवादियों द्वारा लगाए गए 20 और 30 किलोग्राम के दो आइईडी बरामद किए। बीडीएस बीजापुर की टीम द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उक्त आइईडी को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट किया गया। नक्सलियों द्वारा आइईडी को कमांड स्वीच सिस्टम से रोड के बीचों बीच प्लांट किया गया था। ये आईईडी बड़े वाहन को निशाना बनाने के लिए लगाए गए थे। सुरक्षा बलों की सतर्कता, सूझबूझ एवं त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की नापाक साजिश को विफल किया गया। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु आगे भी सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *