बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात का पर्दाफाश हुआ है। शादी का लालच देकर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले 19 वर्षीय आरोपी सुमीत कुमार यादव को पुलिस ने मात्र दो दिनों में धर दबोचा। पीड़िता को कोरबा जिले के पाली से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, जबकि आरोपी को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।
मां की फरियाद पर तुरंत एक्शन
31 दिसंबर 2025 को पीड़िता की मां ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 29 दिसंबर को कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। मामला नाबालिग से जुड़ा होने और अत्यंत गंभीर होने के कारण पुलिस ने तुरंत POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस की सधी हुई रणनीति और स्पेशल टीम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी (कोटा) नुपूर उपाध्याय के सख्त निर्देश पर रतनपुर पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की। गहन जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि पीड़िता कोरबा जिले के पाली में है। टीम ने तुरंत वहां छापेमारी की और आरोपी सुमीत कुमार यादव (19 वर्ष, निवासी: दोनासागर, रतनपुर) के कब्जे से नाबालिग लड़की को छुड़ा लिया।
पीड़िता का चौंकाने वाला बयान
पूछताछ में पीड़िता ने खुलासा किया कि आरोपी सुमीत ने उसे शादी का झांसा देकर जबरदस्ती भगा लिया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की गवाही के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस सफल ऑपरेशन में रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, सउनि दिनेश तिवारी, आरक्षक पवन ठाकुर और महिला आरक्षक अनिषा कश्यप की सराहनीय भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।