प्रेमी ने शादी से इनकार पर की निर्मम हत्या: बालोद के गुरामी जंगल में कमला राजपूत की लाश मिली, प्रेमी नेमीचंद गिरफ्तार

बालोद। जिले के डौण्डीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरामी जंगल में 24 जनवरी को मिली एक महिला की सड़ी-गली लाश की गुत्थी पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा ली है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महिला की हत्या उसके ही प्रेमी ने की थी। आरोपी ने पहले गला दबाकर महिला को बेहोश किया और फिर बड़े पत्थर से सिर कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मृतका की पहचान पाररास गांव निवासी कमला राजपूत (35 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी तरौद गांव निवासी नेमीचंद साहू (29 वर्ष) है। दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध चल रहे थे। 16 जनवरी को कमला दोपहर करीब 2 बजे घर से निकली थी और नेमीचंद के साथ बाइक से गुरामी जंगल पहुंची, जहां वे अक्सर मिलते थे।

जंगल में दोनों ने शराब पी। नेमीचंद ने कमला से शादी करने और उसके साथ घर चलने का प्रस्ताव रखा, लेकिन कमला ने इनकार कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आए नेमीचंद ने कमला का गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। आरोपी ने उसे जमीन पर घसीटते हुए जंगल के निचले हिस्से में ले जाकर एक गड्ढे में रखा। तब तक कमला की सांसें चल रही थीं, तो नेमीचंद ने बड़े भारी पत्थर से उसके सिर को कुचल दिया ताकि शव की पहचान न हो सके। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पत्थरों से ढक दिया।

हत्या के बाद नेमीचंद कमला के मोबाइल लेकर घर चला गया। रात भर सोने के बाद सुबह काम के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन के लिए ट्रेन पकड़ी। वहां कमला के परिजनों के बार-बार कॉल आने पर उसने मोबाइल तोड़कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। 24 जनवरी को जंगल से तेज बदबू आने पर एक ग्रामीण ने जांच की तो शव के पैर दिखे। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और साइबर सेल मौके पर पहुंची। शव पर पड़े पत्थर हटाने पर महिला की लाश मिली। 16 जनवरी को दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर परिजनों को बुलाया गया। हाथ के टैटू और कपड़ों से शव की पहचान कमला राजपूत के रूप में हुई।

पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और जांच के आधार पर नेमीचंद को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। निशानदेही पर पुलिस ने हत्या का पत्थर, शराब की बोतल, कमला की टूटी चूड़ियां और मोबाइल बरामद किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मात्र कुछ दिनों में इस सनसनीखेज मामले का खुलासा हो सका। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *