स्वामी आत्मानंद स्कूल ढोढरेपाल में मनाया गया गणतंत्र दिवस

० सम्मानित किए गए स्कूल के कर्मयोगी शिक्षक
बकावंड। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय ढोढरेपाल में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम प्राथमिक शाला में ध्वजारोहण के साथ हुआ, तत्पश्चात हाई स्कूल परिसर में भी विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप, ग्राम के सरपंच, उपसरपंच एसएमसी अध्यक्ष एवं सदस्य, प्राचार्य गोवर्धन पाणिग्रही और शाला परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं पालक उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। विशेष रूप से आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बसंत पंचमी, बाल दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही कक्षाओं में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के समस्त शिक्षकों को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मान स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं गणतंत्र दिवस आयोजन में सजावट एवं स्वच्छता कार्य में विशेष योगदान देने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय कार्यालय के समस्त कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान भेंट प्रदान की गई।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक खगेंद्र पाढ़ी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष सम्मान दिया गया। हाल ही में उन्हें विनोबा एप पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के कारण एजुकेशन मीट 2026 में कलेक्टर बस्तर द्वारा प्रमाण पत्र एवं शैक्षणिक पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उनके मार्गदर्शन में स्कूल के विद्यार्थी कला उत्सव में राज्य स्तर पर बस्तर जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।विद्यालय के पीटीआई शिक्षक रमेश कुमार सिंह को भी उनके उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय का एक छात्र राष्ट्रीय स्तर की कुराश प्रतियोगिता तथा साइकिल रेसिंग में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा है। विद्यालय से उत्तीर्ण दो विद्यार्थी लखेश्वर बंजारे का चयन सीआरपीएफ और अस्ति पाल का चयन पुलिस में होने पर विद्यालय द्वारा उन्हें और उनके माता पिता को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य की भी विशेष सराहना की गई, जिनके मात्र चार माह के कार्यकाल में विद्यालय की रूपरेखा एवं कार्य संस्कृति में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन से शिक्षकगण अत्यंत उत्साहित एवं प्रेरित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *