
रायपुर। फरार हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर रोहित तोमर आज सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद पुरानी बस्ती थाना पहुंचे और पुलिस के सामने पूछताछ में सहयोग किया। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा रखी है।
रोहित तोमर के खिलाफ तेलीबांधा, पुरानी बस्ती और राजधानी के अन्य थानों में 16 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चाकूबाजी, मारपीट, हत्या के प्रयास, धमकी, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर घटनाएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि रोहित के बड़े भाई रूबी उर्फ वीरेंद्र तोमर को बीते साल 8 नवंबर को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन रोहित को पकड़ने में अब तक असफल रही थी।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद आज रोहित तोमर ने पुरानी बस्ती थाना में पेश होकर पूछताछ कराई। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और कोर्ट के आदेशों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।