0 सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ीं—फिर मजदूरों की जान क्यों?
बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम बकुलाही के रियल इस्पात संयंत्र (स्पंज आयरन प्लांट) में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। क्लिनिकल फर्नेस संचालन के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे 6 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। 5 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए और जल गए। ब्लास्ट इतना भीषण था कि परिसर में आग, राख और जला हुआ कोयला बिखर गया—पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई, कामकाज ठप!
हादसे के बाद प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, भाटापारा ग्रामीण पुलिस और अतिरिक्त बल ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पहले भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान:
- मोटाज अंसारी (26), बढ़ई
- सराफत अंसारी (32), बढ़ई
- साबिर अंसारी (37), बढ़ई
- कल्पू भुइया (51), हेल्पर
- रामू भुइया (34), हेल्पर
- (एक अन्य मृतक की पहचान जारी)
मंत्री टंक राम वर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सख्त लहजे में कहा: “सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं? हादसे की असल वजह क्या? इन सभी सवालों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं! प्रशासन का दावा: पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम जांच में जुटी है। संयंत्र प्रबंधन से पूछताछ, सुरक्षा दस्तावेजों की जांच चल रही है। लेकिन सवाल वही—बार-बार ऐसे हादसे क्यों? क्या फैक्टरियां मजदूरों की जान को सस्ता समझती हैं?