मेले में खड़खड़ी खेलाने वाले गिरफ्तार, अब जागी पुलिस


०  क्षेत्र के ग्रामीण पुलिस की पहली बार कार्रवाई पर उठा रहे हैं सवाल 


जगदलपुर।
बस्तर की कोड़ेनार थाना पुलिस ने ग्राम अलवा के पटेल पारा में दियारी मेला के दौरान दो आरोपियों को खड़खड़ी जुआ खेलाते गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कुल 3600 रुपए नगद और खड़खड़ी में प्रयुक्त सामान बरामद किए गए हैं। आरोपी अनिल नाग पिता बूटी नाग निवासी बड़े पाराकोट थाना परपा और मनेर नाग पिता हाड़ी नाग ग्राम डोंगरी थाना परपा को गिरफ्तार किया गया है। मामला पकड़े जाने पर अब क्षेत्र के युवा पुलिस पर सोशल मीडिया के जरिए सवाल उठा रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स कह रहे हैं कि कोड़ेनार थाना क्षेत्र के हर गांव में आयोजित होने वाले मड़ई मेले में खड़खड़ी जुआ खेलाने वाले तत्व सक्रिय रहते हैं। मगर कोड़ेनार पुलिस ने पहली बार कार्रवाई की है। लोग पूछ रहे हैं कि पुलिस अब तक सोती क्यों रही है? लोगों का खुला आरोप है कि खड़खड़ी जुआ खेलाने वालों को खुद पुलिस कर्मी रकम लेकर खुली छूट देते आ रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि इस जुए की वजह से युवा, बच्चे, बूढ़े सभी बर्बाद हो रहे हैं, सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है। इसके लिए पुलिस जिम्मेदार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *