शिक्षा को जीवन-दर्शन से जोड़ने का अनूठा प्रयास

० व्याख्याता राहुल कुमार पांडेय ने बस्तर कलेक्टर हरिस एस को भेंट की स्व लिखित पुस्तक 

जगदलपुर। बस्तर जिले के गणित व्याख्याता, लेखक एवं शिक्षा के क्षेत्र में विचार-आधारित नवाचार के लिए खास पहचान बना चुके राहुल कुमार पांडेय ने स्व लिखित पुस्तक “जीवन का रहस्यमय समीकरण : गणित से सीखें सफलता, संतुलन और प्रगति के सूत्र” की प्रति बस्तर कलेक्टर हरिस एस. को भेंट की।
लेक्चरर श्री पाण्डेय द्वारा लिखित यह पुस्तक गणितीय सिद्धांतों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए, उन्हें जीवन-प्रबंधन, निर्णय क्षमता, नैतिक संतुलन और निरंतर विकास जैसे विषयों से जोड़ती है। इसमें शिक्षा को एक ऐसे माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक की प्रक्रिया में उपयोगी सिद्ध हो सकता है।कलेक्टर हरिस एस ने पुस्तक को सहर्ष स्वीकार करते हुए व्याख्याता राहुल कुमार पाण्डेय के इस प्रकार के विचारात्मक और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की, जो शिक्षा को व्यवहार, मूल्य और जिम्मेदारी से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षकों के साथ-साथ व्यापक सामाजिक सोच को भी सकारात्मक दिशा देने में सहायक होते हैं। उल्लेखनीय है कि राहुल कुमार पांडेय एक गणित व्याख्याता होने के साथ-साथ शिक्षा में मूल्य-बोध, तार्किक सोच और जीवनोपयोगी दृष्टिकोण को स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे हैं। उनकी स्व लिखित पुस्तक यह दर्शाती है कि गणित जैसे विषय भी नीति, नेतृत्व और समाज के संतुलित विकास से जुड़ सकते हैं। इस प्रकार का लेखन एवं शैक्षणिक चिंतन वर्तमान समय में उस दिशा की ओर संकेत करता है, जहाँ शिक्षा केवल ज्ञानार्जन न होकर राष्ट्र की बौद्धिक पूंजी को सशक्त करने का माध्यम बनती है। ऐसे प्रयासों का महत्व स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के शैक्षिक एवं बौद्धिक विमर्श में भी स्वाभाविक रूप से स्वीकार्य होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *